शादी हमारे बुजुर्गों का पसंदीदा विषय है. मौका मिला नहीं कि शुरू हो जाते हैं और बहाने भी ऐसे-ऐसे बनाते हैं कि आपका मन करता है कि कहीं भाग जाएं. घर में कोई प्रोग्राम हो, कोई मेहमान घर आया हो या हम किसी के घर गये हों, उनका बस एक ही उदेश्य रहता है, किसी भी तरीके से हमसे शादी के लिए हां करवा ली जाए. अगर आपके परिवार वाले भी शादी को लेकर आपके पीछे पड़े रहते हैं तो आपने ये बहाने अनगिनित बार सुने होंगे:
1. बेटा! अब तुम्हारी उम्र हो रही है, अब तो तुम्हें शादी कर ही लेनी चाहिए.
- ओ..... तो मैं 22 साल की बुज़ुर्ग हो गयी हूं.
2. अब तुम मोटे हो रहे हो और चेहरा भी देखो कैसा अजीब-सा हो गया है. अब तो शादी कर लो.
- मतलब साफ़ है कि आप मोटे हो रहे हो या पतले हो रहे हो, उपाय बस एक है- शादी!
3. तुम्हारे सब दोस्तों की शादी हो गयी, अब तुम भी कर लो!
- कोई ढंग का बहाना खोजो.
4. तू अब कुंवारी रहते-रहते बोर नहीं हुई? शादी कर ले!
- लोग बोर होते हैं तो टीवी देखते हैं, मैं भी वही कर लेती हूं.
5. स्कूल, कॉलेज, नौकरी सब तो हो गया, अब तुझे शादी करने में क्या दिक्कत है?
- पहले पता होता कि ये सब होने पर शादी करनी पड़ेगी तो 10वीं में बार-बार फेल होता रहता.
6. देर से शादी होगी तो फिर बच्चे भी देर से होंगे. उसका क्या फायदा, इसलिए तू अब शादी कर ले बस!
- आप क्या चाहते हो कि 23 साल की उम्र में दो बच्चों की मां बन जाऊं?
7. तू शादी नहीं करेगा तो तेरे छोटे भाई-बहनों की शादी कैसे होगी?
- क्यूं, मेरे कुंवारे रहने से क्या उनकी शादी पर बैन लग जाएगा?
8. शर्मा अंकल, वर्मा आंटी, सब रिश्तेदार, हर कोई तुम्हारी शादी के बारे में बार-बार पूछता है. तू अब कर क्यूं नहीं लेती शादी?
- आप एक काम करो, पहले शर्मा अंकल और वर्मा आंटी की आपस में ही शादी करवा दो. वैसे भी उन्हें शादी में बड़ा इंटरेस्ट है ;)
9. अब हम तुम्हारी ज़िम्मेवारी से मुक्त हो जाना चाहते हैं. बस तू शादी कर ले और फिर हम गंगा नहा आएं.
- क्या मैं आप पर इतना बड़ा बोझ हूँ????????
10. तुम्हारे परदादा-परदादी की ये आखिरी इच्छा है कि बस तुम दुल्हन बन के विदा हो जाओ.
- और मेरी इच्छाओं का क्या? उन्हें कहां विदा करूं?
11. अच्छा रिश्ता है, लड़का विदेश में पढ़ा है. इसके लिए हां बोल दे पुत्तर!
- ऐसा लग रहा है लड़का नहीं मिला, कोई लाटरी लग गयी है.
12. बेटा, आजकल तो तलाक के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं. जल्दी शादी करना ही बेहतर है. भगवान न करे कोई ऊंच-नीच हो गयी तो दोबारा शादी करने में ज़्यादा परेशानी नहीं होती.
- हद है! एक बार सूली पे चढ़ाकर चैन नहीं मिलेगा क्या आपको, जो दूसरी फांसी की भी तैयारी करने लगे!
13. एक बार तेरी शादी हो जाएगी, तो तेरा पति तेरा बहुत ख़याल रखेगा. तुझे ऑफ़िस ले जाएगा, वहां से वापस भी ले आएगा. तू बहुत खुश रहेगी.
- ये काम तो मेरी कैब वाला भईया भी कर देता है, इसके लिए शादी की क्या ज़रूरत?
14. अभी तुम गैरज़िम्मेदार हो, शादी होगी तो ज़िम्मेदार हो जाओगी. शादी कर लो बस.
- आप ही तो बोल रहे हो कि मैं गैरज़िम्मेदार हूँ, फिर पति की ज़िम्मेदारी कौन उठाएगा?
15. तेरी मम्मी को भी लड़की बहुत पसंद है, अब बस तू हां कर दे.
- नहीं...... ये नहीं हो सकता.....
16. कभी न कभी तो शादी करनी ही है, फिर अब करने में क्या परेशानी है?
- वाह! क्या लॉजिक है!
17. जवान होने पर लोग बुरी नज़र से देखते हैं, उल्टी-सीधी बातें करते हैं. इस सबसे अच्छा है कि समय रहते शादी कर लो.
- तो अब हम लोग क्या कहते हैं, इसके अनुसार सब कुछ करेंगे.
18. देखो, अब मां के लिए कोई ऐसा होना चाहिए जो काम में उनका हाथ बंटा सके. इसलिए अब तुम शादी कर लो.
- मां का हाथ ही बंटाना है तो एक नौकरानी रख लेते हैं.
19. बेटा! फिर अगले पांच साल तक कोई शुभ मुहूर्त नहीं है, इसलिए शादी के लिए हां बोल दे.
- तो मुझे फांसी चढ़ाने का मुहूर्त आपको शुभ लगता है.
20. तुम दोनों के माता-पिता पिछले 20 सालों से दोस्त हैं. दोनों परिवारों में बहुत प्यार है. इस शादी के लिए मान जाओ.
- इस 'ज़ुबान देना' से बचकर रहना.
21. तुझे विदेश घूमना है न! तू शादी कर ले. पति के साथ हनीमून पर विदेश चली जाना.
- मुझे नहीं पता था कि विदेश जाने के लिए वीज़ा और पासपोर्ट के अलावा पति भी जरूरी है.
22. बहुत दिनों से घर पर कोई बड़ा फंक्शन भी नहीं हुआ है. तेरी शादी होगी तो मज़ा आ जाएगा.
- फंक्शन ही करना है तो दिवाली का कर लो. मेरा दिवाला क्यूँ निकाल रहे हो?
23. बहुत अच्छा रिश्ता है ये. अगर तूने मना किया तो जिंदगी भर पछताएगा.
- हां करके तो ज़्यादा पछताऊंगा.
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें