कुदरत वक़्त-बे-वक़्त अपना खेल दिखाती रहती है. इंसान हर किसी से लड़ सकता है लेकिन कुदरत के आगे उसका खुद-ब-खुद सर झुक जाता है, हम इसे कुदरत का करिश्मा मानने से ज्यादा कुछ कह भी नहीं पाते. ऐसा ही एक कुदरत का अजूबा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सामने आया है. जिसके गवाह मुरादाबाद शहर के सारे डॉक्टर्स बने हैं. मुरादाबाद जिले की ओमवती नाम की महिला को पेट में दर्द की शिकायत पिछले एक महिने से थी, जिसके इलाज के लिए वो डॉक्टर के पास आई. डॉक्टर ने शुरूआती जांच के बाद उसे एक्स-रे कराने की सलाह दी. जब डॉक्टर के पास एक्स-रे की रिपोर्ट पहुंची तो वो हैरान रह गए. और उनकी हैरानी का कारण था, उस महिला की दाईं किडनी का गायब होना.
ओमवती से पूछताछ के बाद पता चला की आज तक उसका एक भी ऑपरेशन नहीं हुआ है, तुरंत डॉक्टर ने उस महिला को अलट्रासाउंड कराने को कहा. अलट्रासाउंड की रिपोर्ट में जो लिखा था वो चौंकाने वाला था. दरअसल ओमवती की दाईं किडनी सीने में धड़क रही थी. किडनी का आकार सही था और वो सही ढंग से काम भी कर रही थी. ये खबर जंगल की आग की तरह पूरे शहर में फैल गई. डॉक्टर्स भी इसे अजूबा मान रहे हैं. कुदरत के ऐसे न जाने कितने किस्से हैं जो हमें चौंकाते रहते हैं. ओमवती की किडनी का सीने में होना भी इसी अजूबे की एक कड़ी है.
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें