आप सभी ने ये तो सुना होगा कि महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में पुलिस एक व्यक्ति को पकड़ ले गई, लेकिन महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. यहां तोते पर एक बुजुर्ग महिला (80) को गंदी गालियां देने का आरोप लगा है. इसी आरोप के चलते पुलिस तोते को थाने ले गई, जहां खाकी वर्दीधारियों को देख कर उसकी बोलती बंद हो गई. इस मामले में तोते सहित तीन लोगों के खिलाफ़ शिकायत दर्ज कराई गई है.
जिले के राजुरा में जानाबाई सखारकर नाम की महिला रहती है. उसने अपने सौतेले बेटे सुरेश पर आरोप लगाया कि उसने अपने तोते ‘हरियल’ को गाली देना सिखाया है. वह जब भी उसके घर के सामने से गुज़रती है, तो तोता उसे गाली देना शुरू कर देता है. मानसिक रूप से परेशान हो कर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस इंस्पेक्टर पी.एस. डोंगरे ने बताया 'महिला और उसके सौतेले बेटे के बीच जमीन को लेकर विवाद है. हमने तोते को बहुत सावधानी से देखा, लेकिन थाने में शिकायतकर्ता से सामना होने के बाद उसने एक शब्द भी नहीं बोला. महिला की मानसिक प्रताड़ना को देखते हुए तोते को वन विभाग को सौंप दिया गया है.
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें