
आजकल ऐसे कई उपाय आ गए हैं जिनकी मदद से आप गर्मियों में भी अपने शरीर को लम्बे समय तक ठंडा रख सकते हैं। लोग आजकल कारों, घरों तथा ऑफिस में भी एयर कंडीशनर का प्रयोग करते हैं। इससे आपको कुछ देर के लिए तो आराम मिल जाएगा, पर इससे आपको बाद में काफी नुकसान होगा। इसकी बजाय घर के पास किसी जल स्त्रोत के आसपास जाकर ताज़ी हवा का आनंद लें। इससे आपको बिना किसी साइड इफ़ेक्ट के गर्मियों का मज़ा मिलेगा।
पानी पियें
पानी मनुष्य के जीवन का स्त्रोत माना जाता है। ये बात तब और सही साबित होती है जब गर्मियों में जल के अभाव में लोग प्यासे रह जाते हैं तथा उनके शरीर में पानी की कमी हो जाती है। शरीर में पर्याप्त पानी की मात्रा बनाए रखने के लिए खूब पानी पियें। अगर आप घर पर हैं तो पानी पीना तो ज़रूरी है ही, पर अगर आप कहीं घूमने भी जाते हैं तो अपने साथ पानी की एक बोतल लेकर चलें। गर्मियों में आपका काफी पसीना निकलता है, अतः आपके शरीर से काफी पानी निकल जाता है। अतः पसीने के रूप में शरीर से निकले पानी को वापस शरीर में लाने के लिए पानी काफी मात्रा में पियें।
वाटर कूलर का प्रयोग करें
कई लोगों की सीधे फ्रिज से निकालकर ठंडा पानी पीने की आदत होती है। पर ऐसा करना काफी नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि इससे गले में दर्द होने की संभावना रहती है। आपको लम्बे समय तक सर्दी और खांसी की शिकायत भी हो सकती है। पर गर्मी के मौसम में निश्चित ही आप ठंडा पानी ही पीना चाहेंगे। फ्रिज का बिलकुल ठंडा पानी पीने की बजाय आप कूलर से पानी पी सकते हैं, क्योंकि यह उतना ठंडा नहीं होता है। आप या तो कूलर के नल से एक गिलास पानी भर सकते हैं, या फिर एक बोतल में पानी भरकर उसे बाद में पीने के काम में ला सकते हैं।
एयर कूलर का प्रयोग करें
अगर आप इस गर्मी में एयर कंडीशनर लेने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एयर कूलर लेना ज़्यादा बेहतर रहेगा। इसकी हवा एयर कंडीशनर के मुकाबले कम ठंडी होती है, पर यह आपको गर्मी के दिनों में ठंडी हवा का अहसास करवाता है। इसका प्रयोग करने से आपकी बिजली की खपत भी कम होगी, जिससे आपको पावर कट्स से भी निजात मिलेगी। एयर कूलर की हवा से आपकी त्वचा एयर कंडीशनर की हवा के जैसी सूखी नहीं होगी। यह आपकी त्वचा को नम रखता है तथा प्राकृतिक हवा प्रदान करता है। आप अपने बच्चों को भी कूलर से हवा खिला सकते हैं और इसका उनके स्वास्थ्य पर कोई खराब असर नहीं पड़ता।
लाइट बंद करें
कई बार आपके बैडरूम तथा ड्राइंग रूम में जलने वाली बेकार की लाइट की वजह से भी गर्मी में बढ़ोत्तरी होती है। अतः अगर आप पढ़ लिख नहीं रहे हों, तो खुद को लम्बे समय तक ठंडा और नम रखने के लिए अनावश्यक लाइट बंद कर दें। अगर आप सीधे सूरज की रौशनी ग्रहण नहीं भी करते हैं, तो भी बल्ब और ट्यूब से निकली गर्मी आपको परेशान कर सकती है। अतः गर्मी का आनंद लेने के लिए सारी अनावश्यक बत्तियां बुझा दें।
खीरा
अगर आपको दिन में ज़्यादा पानी पीने की आदत नहीं है, तो ऐसे व्यंजनों का सेवन करें जिससे आपके शरीर में पानी की कमी पूरी हो। खीरा ऐसा ही एक फल है जिसमें प्रचुर मात्रा में पानी की मात्रा होती है। आप इसका सलाद में प्रयोग कर सकते हैं, या फिर सैंडविच में इसका इस्तेमाल करके इसका सेवन आसानी से कर सकते हैं। गर्मी की दोपहरी में जब आप बेहाल हो रहे होते हैं, एक खीरा लें तथा इसको लम्बे रूप से ४ भागों में विभक्त करें। इसके बीच में थोड़ा सा नमक और काली मिर्च डालें और ठण्ड का मज़ा लें।
तरबूज़
तरबूज़ एक और बेहतरीन फल है, जिसका सेवन आपको गर्मियों में करना चाहिए। बाज़ार में तरबूज़ आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं, जिनका सेवन आप उन्हें काटकर थोड़े से शक्कर और नमक को मिलाकर कर सकते हैं। इसके बीजों को हटाकर इसके रसीले नरम भाग का सेवन करें। गर्मियों के दिनों में इसका सेवन करने से आपके शरीर में पानी की कमी नहीं होगी। अगर आपके घर में जूसर है, तो तरबूज़ के कुछ टुकड़े करें तथा उसे जूसर में डालें। अब इसे ब्लेंड करें तथा इसका रस निकालें। आप ब्लेंडर में थोड़ा सा नमक और चीनी मिला सकते हैं, जिससे कि इसका स्वाद और ज़्यादा ज़ायकेदार हो जाए। गर्मियों की दोपहरी में इसका सेवन करना आपके लिए काफी फायदेमंद साबित होता है। इससे आपको गर्मी से आसानी से छुटकारा मिल जाता है।
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें