
क्या आप बालों के झड़ने, उनके रूखे होने या झड़ने से परेशान हैं ? क्या आप बालों के उपचार के लिए बाज़ार से महंगे सौंदर्य प्रसाधनों पर पैसे खर्च करते हैं ?अगर हाँ, तो ये लेख आपके लिए ही है। आपके बालों की कई समस्याओं को दूर करने में अंडा काफी बड़ी भूमिका निभाता है। चाहे आपको बालों का घनत्व बढ़ाना हो, बालों की कमज़ोरी दूर करनी हो या रूखे बालों को मुलायम बनाना हो, आप ये सब एक किफायती अंडे की मदद से कर सकते हैं। अंडा आसानी से आपके बालों के स्वास्थ्य को सुधारता है। नीचे अंडे से बनने वाले कुछ मास्क्स, शैम्पू एवं कंडीशनर्स के बारे में बताया गया है।
मज़बूत और मुलायम बालों के लिए अंडे का पैक
सामग्री
- अंडे
- एक्स्ट्रा वर्जिन जैतून का तेल
बनाने की विधि
२ अंडे लें तथा उनका पीला भाग अलग करें। इस पीले भाग को तब तक फेंटें, जब तक ये झागदार ना हो जाए। अब इसमें २ चम्मच एक्स्ट्रा वर्जिन जैतून का तेल डालें तथा दोनों को अच्छे से मिलाएं। इसे ३ से ४ मिनट तक फेंटकर एक गाढ़ा मिश्रण बनाएं। आपका हेयर मास्क तैयार है।
इस मिश्रण को बालों में लगाने से पहले बालों को एक सौम्य शैम्पू से अच्छे से धो लें। जब ये गीला हो जाए तो अच्छे से बालों की जड़ों, सिर तथा बालों के सिरे पर लगाएं। अब बालों को शावर कैप से ढक लें और २० मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद सामान्य शैम्पू से बाल धो लें तथा अच्छे से पोंछ लें। अंडे में मौजूद प्रोटीन की मात्रा बालों को मज़बूत और मुलायम बनाती है, जबकि जैतून का तेल बालों को नमी देकर अच्छे से कंडीशन करता है।
चमकदार बालों के लिए अंडे का पैक
सामग्री
- अंडे
- नींबू का रस
बनाने की विधि
एक पात्र में अंडा लें तथा इसमें २ चम्मच नींबू का रस डालें। इन दोनों को अच्छे से मिलाकर एक अच्छा मिश्रण बनाएं। अब इस पैक को अपने बालों पर लगाएं तथा आधे घंटे तक रहने दें। सौम्य शैम्पू की मदद से बालों को धो दें और अपने बालों को चमकदार तथा सुंदर बनता देखें। नींबू का रस डैंड्रफ होने से रोकता है तथा सिर के ऊपर से सूखापन हटाता है।
अंडा बालों में चमक पैदा करता है।
अंडे का कंडीशनर
सामग्री
- अंडे
- नारियल का तेल
बनाने की विधि
२ अण्डों के पीले भाग को एक पात्र में लें तथा इनके झागदार होने तक इन्हें फेंटते रहे। अब इसमें २ चम्मच नारियल का तेल डालें और अच्छे से मिश्रित करें। इस मिश्रण का प्रयोग सामान्य रूप से बाल धोने के बाद करें। इस मिश्रण को बालों में ५ मिनट तक छोड़ दें तथा डीप कंडीशनिंग का प्रभाव पाने के लिए पानी से अच्छी तरह धो लें। यह बालों का रूखापन दूर करता है तथा आपको नरम मुलायम बालों से नवाज़ता है।
अंडे का शैम्पू
अंडे की मदद से शैम्पू बनाना काफी आसान है, और इसमें अन्य शैम्पू के मुकाबले हानिकारक केमिकल्स तथा कोई साइड इफेक्ट्स भी नहीं होते।
सामग्री
- अंडे
- सेब का सिरका
- एलो वेरा
- मिनरल वाटर
अंडा एक ऐसा पदार्थ है, जो बालों की कई प्रकार से मदद करता है। अंडे के शैम्पू की एक ही कमी है इससे आने वाली तीव्र बदबू।
बनाने की विधि
एक अंडे को दो चम्मच सेब के सिरके, ३ चम्मच एलो वेरा जेल और आधे कप मिनरल वाटर के साथ मिश्रित करें। इन सबको एक पात्र में अच्छे से मिलाएं तथा अपने सामान्य शैम्पू की तरह इस्तेमाल करें।
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें